50 लाख रुपए से ऊपर कीमत की 265 ग्राम अवैध हेरोइन सहित दो नशा तस्कर किए गिरफ्तार 

ऐलनाबाद/सिरसा, 19 जनवरी ( एम पी भार्गव ): हरियाणा सरकार के “नशा मुक्त प्रदेश” संकल्प को अमलीजामा पहनाते हुए हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो(HSNCB) की फतेहाबाद यूनिट ने नशे के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। ब्यूरो की टीम ने गाँव ओढ़ा मे ख्योवाली रोड पर नाकाबंदी कर नशीले पदार्थ हेरोइन की तस्करी में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 265 ग्राम नशीला पदार्थ हेरोइन, तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 2 मोबाइल बरामद किए गए हैं।
यूनिट प्रभारी उप-निरीक्षक तरसेम सिंह ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक श्री मोहित हांडा आईपीएस के दिशानिर्देशानुसार और उप पुलिस अधीक्षक श्री जगजीत सिंह के निर्देशन मे वह अपनी टीम के साथ नशा रोकथाम हेतु थाना ओढ़ा क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि दो तस्कर अपनी मोटरसाइकिल पर नशीला पदार्थ हेरोइन लेकर गाँव ओढ़ा से गांव ख्योवाली होते हुए गांव रघुआना जाएंगे। सूचना को पुख्ता मानते हुए टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए नाकाबंदी करके संदिग्धों को काबू कर लिया। राजपत्रित अधिकारी श्री संदीप कुमार डीएसपी कालांवली की उपस्थिति में नियमानुसार ली गई तलाशी के दौरान 265 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निर्मल पुत्र श्यामलाल और बलविंदर सिंह उर्फ रिंकू पुत्र जगदीश सिंह, निवासी गाँव रघुआना, जिला सिरसा के रूप में हुई है। आरोपियों के विरुद्ध थाना ओढ़ा, पुलिस जिला डबवाली में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत वाणजयिक मात्रा का मुकदमा संख्या 06/2026 दर्ज किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी बड़े स्तर पर नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त हैं और जिन्होंने नशीले पदार्थ की खेप को पंजाब के तरनतारन से मँगवाया है। जिसकी अवैध मार्केट मे कीमत 50 लाख रुपए से ऊपर आँकी गई है जोकि डबवाली और सिरसा के गांवों मे सप्लाई की जानी थी। पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड हासिल करेगी, ताकि नशा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों और मुख्य सप्लायरों का पता लगाया जा सके।
उप-निरीक्षक तरसेम सिंह ने आगे कहा कि हरियाणा एनसीबी समाज से इस बुराई को जड़ से मिटाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि नशा तस्करी या बिक्री से संबंधित किसी भी जानकारी को बेझिझक साझा करें। सूचना देने के लिए ncb नेशनल हेल्पलाइन 1933, ऑनलाइन पोर्टल NCBMANAS.GOV.IN या हरियाणा एनसीबी हेल्पलाइन 90508-91508 का उपयोग किया जा सकता है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.