ऐलनाबाद : यातायात थाना पुलिस ने वाहन चालकों को किया जागरुक, सड़क सुरक्षा नियमों की दी जानकारी

ऐलनाबाद  (एम.पी. भार्गव):  जिला पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशानुसार यातायात जागरुकता कार्यक्रम के तहत यातायात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शमशेर सिंह ने आज अपनी टीम सहित राष्ट्रीय राजमार्ग NH-9 पर गांव साहुवाला प्रथम के निकट पहुंचकर वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने बस, टैक्सी, ऑटो, ई-रिक्शा, कार एवं दोपहिया चालकों को महत्वपूर्ण सलाह दी।

तेज गति और नशे में वाहन न चलाएं: इंस्पेक्टर शमशेर सिंह

थाना प्रभारी शमशेर सिंह ने कहा कि तेज गति से वाहन चलाने से अक्सर गंभीर दुर्घटनाएं होती हैं, जिससे परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने वाहन चालकों से आग्रह किया कि नशे की हालत में कभी भी वाहन न चलाएं, क्योंकि इससे न केवल उनका जीवन खतरे में पड़ता है बल्कि अन्य लोगों की जान को भी जोखिम होता है।

मोबाइल का उपयोग न करें, हेलमेट और सीट बेल्ट पहनें

उन्होंने दोपहिया और चारपहिया चालकों को सलाह दी कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें। साथ ही, सभी को हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिकतर सड़क दुर्घटनाएं मोटरसाइकिल सवारों के साथ होती हैं, इसलिए वाहन को निर्धारित गति सीमा में ही चलाएं।

1033 हेल्पलाइन नंबर की दी जानकारी

इंस्पेक्टर शमशेर सिंह ने बताया कि आपातकालीन स्थिति में 1033 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। यह सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहती है, जिसमें एंबुलेंस, क्रेन और अन्य आवश्यक सुविधाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जागरुकता की कमी के कारण अक्सर मदद में देरी हो जाती है, जिससे कीमती जान नहीं बच पाती।

यातायात नियमों की पालना को बताया नैतिक कर्तव्य

थाना प्रभारी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल पुलिस के डर से नहीं, बल्कि खुद की और दूसरों की सुरक्षा के लिए करना चाहिए। उन्होंने वाहन चालकों से ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यह हर नागरिक का नैतिक दायित्व है।

अचानक लाइन बदलने से बढ़ता है दुर्घटना का खतरा

इंस्पेक्टर शमशेर सिंह ने कहा कि वाहन चलाते समय अचानक लेन बदलने से सड़क दुर्घटनाएं हो सकती हैं। इसलिए सभी वाहन चालकों को संयम व नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाना चाहिए।

नियमों का पालन कर बनाएं दुर्घटनामुक्त भारत

अंत में उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति दिल से यातायात नियमों की पालना करे तो हम एक सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त भारत बना सकते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि स्वयं भी नियमों का पालन करें और दूसरों को भी जागरुक करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.