सोनभद्र : शौच के लिए घर से निकली किशोरी की ट्रेन से कटकर मौत
• रेलवे ट्रैक के किनारे घायल मिली 17 वर्षीय सहिना खातून, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
दुद्धी(सोनभद्र)। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के टेढ़ा गांव में 17 वर्षीय किशोरी सहिना खातून की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, किशोरी शौच के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान ठेमा नदी के पास रेलवे पुल के आसपास वह ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। भोर में करीब तीन बजे रेलवे ट्रैक के किनारे एक किशोरी के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
दुद्धी कोतवाली प्रभारी विश्वनाथ प्रताप सिंह के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की गई। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर घटना से जुड़ी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
