ऐलनाबाद, 12 जुलाई (एम पी भार्गव): राधा माधव महिला मंडल, ऐलनाबाद के तत्वावधान में आयोजित नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ शनिवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा प्राचीन शिव मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई सनातन धर्मशाला पहुँची। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भगवान के जयघोष और भजन-कीर्तन के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कथा के प्रथम दिवस में कथा व्यास महंत श्री भरतमुनि उदासीन जी महाराज ने श्रीमद्भागवत के महात्म्य का विस्तृत वर्णन करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत केवल एक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को ईश्वर की ओर ले जाने वाला दिव्य मार्ग है। इसके श्रवण से मनुष्य के जीवन में शांति, सद्बुद्धि और आत्मिक आनंद का संचार होता है।

उन्होंने कथा के दौरान भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का महत्व समझाते हुए कहा कि भक्ति से हृदय निर्मल होता है, ज्ञान से जीवन में सही दिशा मिलती है और वैराग्य मनुष्य को सांसारिक मोह-माया से ऊपर उठाकर प्रभु की शरण में ले जाता है। जब ये तीनों जीवन में जागृत होते हैं, तभी मनुष्य का जीवन वास्तव में सफल और सार्थक बनता है।

कथा के अंत में श्रद्धालुओं ने आरती में भाग लेकर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से प्रतिदिन कथा में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया।
