लोकसभा सीटों में 50% बढ़ोतरी को कैबिनेट की मंजूरी, 543 से बढ़कर 815 होंगी सीटें; महिलाओं को मिल सकता है आरक्षण
Lok Sabha Seats Increase 50 Percent: लोकसभा की सीटों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में लोकसभा की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत तक इजाफा करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इस प्रस्ताव के लागू होने पर लोकसभा की कुल सीटें 543 से बढ़कर 815 हो सकती हैं। यानी सदन में 272 सीटों की बढ़ोतरी होगी। प्रस्ताव के तहत बढ़ाई जाने वाली सभी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित किए जाने की संभावना है।
सरकार का लक्ष्य इस प्रस्ताव को 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में पारित कराना है। प्रस्ताव के अनुसार, लोकसभा की सीटों की नई अधिकतम संख्या अगले 25 वर्षों यानी 2050 तक बरकरार रखी जा सकती है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्षी दलों से विधेयक पर चर्चा में हिस्सा लेने की अपील की है। वहीं, कांग्रेस ने सरकार पर विधेयक पारित कराने के लिए बहुमत जुटाने में धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है।
परिसीमन को लेकर दक्षिण भारतीय राज्यों की चिंताएं होंगी दूर?
लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्ताव को परिसीमन से जुड़ी चिंताओं के समाधान की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। दरअसल, दक्षिण भारत के कई राज्यों को आशंका है कि जनसंख्या के आधार पर परिसीमन होने से लोकसभा में उनका प्रतिनिधित्व कम हो सकता है।
सरकार के नए प्रस्ताव में सभी राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों में समान अनुपात से 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने की योजना है। इसके तहत राज्यों के बीच मौजूदा सीटों का आनुपातिक संतुलन बनाए रखने की कोशिश की जाएगी। इससे किसी राज्य की दूसरे राज्य के मुकाबले राजनीतिक हिस्सेदारी प्रभावित होने की आशंका कम हो सकती है।
महिला आरक्षण विधेयक में बदलाव की तैयारी
केंद्र सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने से जुड़े कानून में संशोधन की तैयारी कर रही है। इसके लिए संविधान संशोधन विधेयक लाया जा सकता है।
इससे पहले अप्रैल 2026 में सरकार ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान (131वां संशोधन) विधेयक को संसद में पेश किया था। इसमें लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रस्ताव था। हालांकि, विधेयक को जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिल सका था और यह पारित नहीं हो पाया था। अब नए प्रस्ताव में सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाकर 815 करने और राज्यों के बीच मौजूदा सीट अनुपात को बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है।
अप्रैल में 54 वोट से गिर गया था संविधान संशोधन विधेयक
मोदी सरकार ने 16 से 18 अप्रैल 2026 तक संसद का विशेष सत्र बुलाकर परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पेश किए थे। सरकार का उद्देश्य 2029 के लोकसभा चुनाव तक महिला आरक्षण कानून को लागू करने की दिशा में आगे बढ़ना था।
विधेयक पर हुई वोटिंग में 298 सांसदों ने समर्थन किया, जबकि 230 सांसदों ने विरोध में मतदान किया। कुल 528 सांसदों ने वोटिंग में हिस्सा लिया था। संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत यानी कम से कम 352 वोटों की जरूरत थी। इस तरह विधेयक 54 वोट से पारित नहीं हो सका।
लोकसभा और राज्यसभा में बहुमत के लिए कितने वोट जरूरी?
विधेयक पारित कराने के लिए सरकार को दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होगी। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, लोकसभा और राज्यसभा में एनडीए के पास अभी आवश्यक संख्या से कम सांसद हैं।
लोकसभा में एनडीए के साथ करीब 320 सांसद बताए जा रहे हैं। तीन सीटें खाली होने के कारण संभावित मतदान में 540 सांसदों की भागीदारी की स्थिति में विधेयक पारित कराने के लिए 360 वोटों की जरूरत होगी। इस हिसाब से एनडीए को 40 अतिरिक्त वोटों की आवश्यकता होगी।
वहीं, राज्यसभा में एनडीए के पास 151 सांसद हैं। 243 सदस्यों के मतदान की स्थिति में दो-तिहाई बहुमत के लिए 162 वोट चाहिए होंगे। यानी यहां भी सरकार को 11 अतिरिक्त सांसदों के समर्थन की जरूरत पड़ सकती है।
लोकसभा का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने जा रहा है, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से प्रस्तावित है। सरकारी कामकाज के आधार पर सत्र 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है। इस दौरान सरकार महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े नए प्रस्तावों को संसद में पेश कर सकती है।
