प्रचंड गर्मी का प्रकोप : सड़कों व मुख्य बाजार में पूरी तरह से सन्नाटा पसरा
प्रशासन की तरफ से भी एडवाइजरी जारी करके लोगों को प्रचंड गर्मी में सावधान रहने की अपील
ऐलनाबाद , 24 मई ( एम पी भार्गव ) : क्षेत्र में पड़ रही प्रचंड गर्मी का प्रकोप अब शहर व गांवों में भी देखने को मिल रहा है। आज भी ऐलनाबाद क्षेत्र में तापमान करीब 46 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जिसके चलते 11 के बाद बाजारों से रौनक गायब हो गई। जिला प्रशासन की तरफ से भी एडवाइजरी जारी करके लोगों को इस प्रचंड गर्मी में सावधान रहने की अपील की गई है। करीब 12 बजे तो शहर की सभी सड़कों व मुख्य बाजार में पूरी तरह से सन्नाटा पसरा नज़र आया। वहीं शहर में अनेक स्थानों पर समाजसेवी लोगों द्वारा ठंडे मीठे जल की छबीले भी लगाई गई।
लगातार तापमान बढ़ने के कारण गर्म लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर के समय सड़कें सुनसान दिखी। मौसम विभाग के मुताबिक अभी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने 25 मई तक भीषण गर्मी व लू की चेतावनी जारी की है। इसके लिए 25 मई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 5 से 6 दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान में अगले सात दिनों तक कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा व तापमान में और बढ़ोतरी के आसार हैं।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और सिर ढककर बाहर निकलने की सलाह दी है। किसानों को फसलों में सिंचाई शाम या सुबह के समय करने की सलाह दी गई है, ताकि गर्मी का असर कम हो सके।
