ऐलनाबाद, 24 मई (एम पी भार्गव) ऐलनाबाद शहर का मुख्य बाजार इन दिनों लगातार बढ़ती ट्रैफिक अव्यवस्था के कारण लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनता जा रहा है। बाजार की सड़कों पर हर समय भारी वाहनों की आवाजाही, लंबी वाहनों की कतारें और अव्यवस्थित पार्किंग ने आमजन का जीवन प्रभावित कर दिया है। स्थिति यह है कि पैदल चलने वाले लोगों से लेकर दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों तक सभी को रोजाना जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में कई बार वाहन इस प्रकार खड़े कर दिए जाते हैं कि अन्य वाहनों के निकलने तक की जगह नहीं बचती। संकरी सड़कों पर भारी वाहनों की एंट्री से हालात और अधिक बिगड़ जाते हैं। दुकानदारों, महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का मानना है कि जिस प्रकार सिरसा में बाजार क्षेत्र में “भारी वाहन निषेध” के बोर्ड लगाकर ट्रैफिक व्यवस्था को काफी हद तक सुधारा गया है, उसी प्रकार ऐलनाबाद में भी ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। यदि बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर समयबद्ध रोक लगाई जाए और पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित किया जाए तो आमजन को बड़ी राहत मिल सकती है।
नगरपालिका प्रशासन, ट्रैफिक पुलिस, जागरूक नागरिकों, वाहन चालकों और वाहन मालिकों को मिलकर इस गंभीर समस्या का समाधान निकालना होगा। केवल प्रशासनिक कार्रवाई ही नहीं बल्कि आम लोगों की जिम्मेदारी भी जरूरी है, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही पूरे बाजार को जाम में बदल देती है।
ऐलनाबाद के लोगों की मांग है कि प्रशासन जल्द प्रभावी कदम उठाए, बाजार क्षेत्र में ट्रैफिक नियमों की सख्ती से पालना करवाई जाए तथा भारी वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित किया जाए, ताकि शहर की व्यवस्था सुचारू रह सके और लोगों को रोजाना होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।
ऐलनाबाद नगर पालिका अध्यक्ष राम सिंह सोलंकी ने लोगों से आग्रह किया है कि वह अपना सामान सीमित स्थान में रखें ताकि ट्रैफिक जाम से निजात पाया जा सके, उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वह जल्द से जल्द फुटपाथ का स्थान छोड़कर अपना सामान दुकानों में रखें ताकि आवागमन में किसी प्रकार की कोई बाधा न हो, उन्होंने दुकानदारों से यह भी अपील की है कि वह अपना वाहन पीली पट्टी से बाहर ही खड़ा करें ताकि ट्रैफिक जाम ना हो. नगर पालिका अध्यक्ष ने यह भी बताया कि वह जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाओ अभियान शहर में चलाने जा रहे हैं इससे पहले दुकानदार अपना सामान सीमित स्थान में ही रखें नहीं तो नगर पालिका प्रशासन उनका सामान जब्त कर जुर्माना भी लगाएगी.
