भाजपा सरकार पिछड़ा वर्ग के साथ फिर से कर रही है घोर धोखा और साजिश: रामपाल माजरा

ऐलनाबाद , 13 जून( एम पी भार्गव ): इंडियन नेशनल लोक दल के प्रदेश अध्यक्ष राम पाल माजरा ने केंद्र सरकार द्वारा हरियाणा में जारी की गई जनगणना अधिसूचना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार पिछड़े वर्ग के साथ जानबूझकर भेदभाव कर रही है।

जनगणना फॉर्म के पॉइंट नंबर 12 में साफ-साफ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति का उल्लेख किया गया है, लेकिन पिछड़ा वर्ग को पूरी तरह गायब कर दिया गया है। यह कोई साधारण चूक नहीं, बल्कि पिछड़े वर्ग के प्रति भाजपा की साजिश है। क्या भाजपा समझती है कि पिछड़ा वर्ग अब उसके लिए बेकार हो गया है? क्या पिछड़ा समाज अब वोट बैंक की भी हैसियत नहीं रखता?

माजरा ने कहा, “भाजपा सरकार हरियाणा के लाखों पिछड़े परिवारों को अपमानित करने का काम कर रही है। जब एससी-एसटी को जगह दी जा सकती है तो पिछड़ा वर्ग को क्यों छोड़ा गया? क्या यह तयशुदा षड्यंत्र है कि पिछड़ों की गिनती ही न हो, ताकि उनकी सही संख्या छिपाई जा सके और उनके हक-हकूक को हमेशा के लिए दबाया जा सके?”
यह न सिर्फ अनदेखी है, बल्कि स्पष्ट रूप से पिछड़ा विरोधी मानसिकता का प्रमाण है। भाजपा की यह हरकत हरियाणा के किसान, युवा और पिछड़े वर्ग पर लगातार हो रहे अत्याचारों की कड़ी है।

इंडियन नेशनल लोक दल की माँग है कि
• तुरंत जनगणना फॉर्म में पॉइंट नंबर 12 को संशोधित किया जाए।
• एससी /एसटी के साथ ओबीसी को भी स्पष्ट रूप से शामिल किया जाए।

रामपाल माजरा ने चेतावनी देते हुए कहा, “अगर फॉर्म में ओबीसी को शामिल नहीं किया गया तो इनेलो पूरे हरियाणा में इस मुद्दे पर जन आंदोलन छेड़ देगा। पिछड़ा वर्ग अब चुप नहीं रहेगा। हम भाजपा की इस साजिश को बेनकाब करके रहेंगे।”

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.