Market Security: दिवाली से पहले विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने बाजारों का किया दौरा, सुरक्षा के लिए 24 घंटे तैनात रहेगी पुलिस
Amritsar Market Security: त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने देर रात अपने विधानसभा क्षेत्र अजनाला के विभिन्न बाजारों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों से मुलाकात कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और उन्हें त्योहारों के दौरान सुरक्षित माहौल में कारोबार करने का भरोसा दिलाया।
दौरे के दौरान विधायक ने विशेष रूप से पटाखों की दुकानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर जोर दिया। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि पटाखे खरीदने वाले किसी भी व्यक्ति को दुकान के पास पटाखे जलाने की अनुमति न दी जाए। उन्होंने कहा कि लोग पटाखे खरीदकर अपने घर ले जाएं और वहीं सुरक्षित स्थान पर उनका इस्तेमाल करें। इससे बाजारों में आग लगने और दुकानों के सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका कम होगी।
Market Security: पटाखों की दुकानों के पास बरतें विशेष सावधानी
धालीवाल ने दुकानदारों को आगाह किया कि दुकानों के आसपास पटाखे जलाने से बड़ा हादसा हो सकता है। इससे न केवल दुकानदारों का सामान प्रभावित हो सकता है, बल्कि बाजार में मौजूद अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने सभी दुकानदारों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और सतर्क रहने की अपील की।

Market Security: दिवाली तक बाजारों में 24 घंटे पुलिस की तैनाती
विधायक ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बातचीत की। उन्होंने बताया कि दिवाली तक बाजारों में 24 घंटे पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही डिप्टी साहिब और संबंधित थाना प्रभारी (SHO) को भी सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
Market Security: परेशानी होने पर तुरंत पुलिस को दें सूचना
धालीवाल ने दुकानदारों से कहा कि यदि किसी को कोई समस्या आती है या कोई शरारती तत्व बाजार का माहौल खराब करने की कोशिश करता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस अधिकारियों को दें। उन्होंने दुकानदारों और आम लोगों से अपील की कि वे दिवाली का त्योहार खुशी और उत्साह के साथ मनाएं, लेकिन सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें।
