- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव
सोनभद्र। उच्च प्राथमिक विद्यालय जमगांव में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से बाल संसद का गठन किया गया। विद्यालय में बच्चों में नेतृत्व क्षमता और लोकतांत्रिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने हेतु यह चुनाव बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
चुनाव प्रक्रिया में पर्यवेक्षक राजकुमार पांडेय एवं मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. मिथिलेश द्विवेदी की देखरेख में पूरी टीम का गठन किया गया। टीम में सहायक चुनाव अधिकारी अरुण कुमार सिंह, पीठासीन एवं प्रथम मतदान अधिकारी चंद्रकेश सिंह, द्वितीय मतदान अधिकारी श्री प्रदीप कुमार गुप्ता तथा तृतीय मतदान अधिकारी नियुक्त किए गए। चुनाव में कुल 22 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए, जिनमें सभी नामांकन वैध पाए गए। छात्रों ने उत्साहपूर्वक मतदान किया। मतदान प्रक्रिया दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक चली। तत्पश्चात पर्यवेक्षक राजकुमार पांडेय और मतगणना अधिकारी अरुण कुमार सिंह की देखरेख में मतगणना कार्य सम्पन्न हुआ।
परिणामों की घोषणा मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. मिथिलेश द्विवेदी द्वारा की गई। गठित बाल संसद में प्रधानमंत्री पद पर रोशनी और उप प्रधानमंत्री पद पर पवन कुमार सिंह का चयन किया गया।
मंत्रालय आवंटन में शिक्षा मंत्री कु. गरिमा, स्वास्थ्य मंत्री: कु. परी, जल एवं पर्यावरण मंत्री: रामबाबू, खेल मंत्री: शान बाबू, पुस्तकालय मंत्री: दीपिका पटेल, सुरक्षा एवं अनुशासन मंत्री: सूरज पांडेय शामिल रहे।
शपथ ग्रहण समारोह में सभी विजयी प्रत्याशियों को मुख्य चुनाव अधिकारी द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ समारोह में भाग लिया और विजेताओं का जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय में दीप सजावट एवं निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्रों ने रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।
