सोनभद्र: दो वर्षों से बंद हैंडपंप बने छात्रों की परेशानी, पानी के लिए विद्यालय से बाहर जाते है छात्र, हादसों का बना रहता है खतरा

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव

सोनभद्र। विकासखंड कर्मा अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय बैडांड़ परिसर में लगे दो हैंडपंप बीते दो वर्षों से खराब होकर बंद पड़े हैं। इनमें से एक हैंडपंप तो स्थापना के मात्र दस दिन बाद ही खराब हो गया था। विद्यालय प्रबंधन द्वारा कई बार मौखिक रूप से तथा एक बार लिखित शिकायत ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी और विकासखंड अधिकारी कर्मा को देने के बावजूद अब तक न तो मरम्मत हो सकी और न ही संचालन शुरू कराया जा सका है।
हैंडपंप बंद होने के कारण छात्रों को पेयजल के लिए करीब 200 मीटर दूर उच्च प्राथमिक विद्यालय बैडांड़ के परिसर तक जाना पड़ता है। इससे बच्चों को काफी असुविधा होती है। सबसे बड़ी परेशानी मध्याह्न भोजन पकाने और वितरण में सामने आ रही है, जहां पानी की उपलब्धता न होने से कामकाज प्रभावित हो रहा है।
अभिभावक राजकुमार ने बताया कि बीते दो वर्षों में कई बार हैंडपंप की मरम्मत की मांग की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। टोल फ्री नंबर पर भी कई बार शिकायत दर्ज कराने के बाद समस्या जस की तस बनी हुई है। इस स्थिति से अभिभावकों में असंतोष है और छात्र लगातार परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.