सोनभद्र: भाजपा कार्यालय घेरने जा रहे कांग्रेसियों की पुलिस से झड़प, जिलाध्यक्ष सहित कई नेता हिरासत में

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव 

सोनभद्र। नेशनल हेराल्ड प्रकरण को लेकर गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय का घेराव करने के लिए निकले थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया। यह घटनाक्रम उर्मौरा बाइपास पर सामने आया, जहां पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान जिला अध्यक्ष रामराज गोंड समेत कई प्रमुख कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वाराणसी–शक्तिनगर मार्ग पर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। सड़क जाम की सूचना मिलते ही मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
सीओ रंधीर मिश्र और कोतवाल माधव सिंह ने पुलिस टीम के साथ पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया, जिसके बाद आवागमन बहाल कराया जा सका। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोंकझोंक भी हुई। बाद में पुलिस ने जिला अध्यक्ष सहित अन्य नेताओं को पुलिस लाइन ले जाकर रखा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामराज गोंड ने आरोप लगाया कि भाजपा ने अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित कर अपने कार्यालय बनाए हैं और सरकार सुरक्षा के नाम पर पुलिस बल तैनात कर लोकतांत्रिक विरोध को रोक रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ईडी का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को परेशान कर रही है और लोकतंत्र व संविधान पर प्रहार किया जा रहा है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.