ऐलनाबाद, 29मई ( एम पी भार्गव ): हरियाणा पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के नेतृत्व में सिरसा पुलिस द्वारा अपराधों की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया गया। यह अभियान रात्रि 11:30 बजे से प्रातः 5:00 बजे तक ऐलनाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजस्थान बॉर्डर स्थित धोलपालिया नाके पर चलाया गया।

अभियान के दौरान जिला में प्रवेश करने वाले संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की गहनता से जांच की गई। पुलिस टीमों ने नाके पर आने-जाने वाले वाहनों की बारीकी से जांच करते हुए कुल 66 वाहनों को चेक किया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 वाहन चालकों के चालान भी किए गए। पुलिस कर्मियों ने वाहनों के दस्तावेजों की जांच करने के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी गतिविधियों पर विशेष नजर रखी। अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क दिखाई दी। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि सिरसा पुलिस अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई कर रही है। असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही है तथा रात्रि गश्त और विशेष अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।

उन्होंने कहा कि रात्रि के समय महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। महिलाएं अपनी सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन नंबर 112 पर पंजीकरण अवश्य कराएं, ताकि आपात स्थिति में उन्हें तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध करवाया जा सके।
