जोरदार धमाके के साथ ताड़ के पेड़ पर गिरी बिजली, धू-धू कर जला पेड़ वीडियो वायरल

  • भोरे/गोपालगंज: अजीत श्रीवास्तव

गोपालगंज जिले के भोरे प्रखंड में शुक्रवार की सुबह तेज आंधी और बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से अफरा-तफरी मच गई। मामला बगहवा मिश्र पंचायत के सबेया गांव का है, जहां एक ताड़ के पेड़ पर वज्रपात होने से उसके ऊपरी हिस्से में आग लग गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह से ही मौसम खराब था। आसमान में काले बादल छाए हुए थे और तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही थी। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाके के साथ गांव स्थित ताड़ के पेड़ पर बिजली गिर गई। वज्रपात इतना तेज था कि पेड़ का ऊपरी हिस्सा तुरंत आग की चपेट में आ गया।

बारिश के बीच भी पेड़ से उठती आग की लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ देर तक ताड़ का पेड़ धू-धू कर जलता रहा, जिसे देखकर आसपास के लोग सहम गए।

घटना का वीडियो गांव के युवकों ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में तेज बारिश के बावजूद पेड़ में लगी आग साफ दिखाई दे रही है। ग्रामीणों ने राहत की बात यह बताई कि जिस समय बिजली गिरी, उस वक्त पेड़ के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.