Sirsa Mallekan Road Accident: ट्रक ने ट्रैक्टर ट्राली को मारी टक्कर,तीन लोगों की मौत पांच गंभीर रूप से घायल
Sirsa Mallekan Road Accident (एम पी भार्गव): नजदीकी गांव मल्लेकां के पास गुरुवार सुबह लगभग 9 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ओटू गांव से ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर पंजाब के माधो गांव में नरमा (कपास) की चुगाई के लिए जा रहे मजदूरों से भरी ट्रॉली को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन पलट गए। हादसे में दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 मजदूर घायल हो गए। 5 गंभीर घायलों को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
मृतकों की पहचान काके कौर उम्र 22 साल पत्नी बिट्टू निवासी ओटू, बलबीर कौर उम्र 45 साल पत्नी दर्शन सिंह निवासी ओटू व लवली उम्र 30 पुत्र राज सिंह निवासी मल्लेकां के रूप में हुई है।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और सिविल अस्पताल सिरसा पहुंचाया गया।
सूचना पाकर मल्लेकां चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, जाम खुलवाया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
