Shravani Mela Special Train: बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे की सौगात, बढ़नी-देवघर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
रिपोर्टर: पंकज झा
वाराणसी। सावन माह में झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए 05028/05027 बढ़नी–देवघर–बढ़नी (वाया कप्तानगंज) अनारक्षित श्रावणी मेला विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है।
29 जुलाई से शुरू होगा विशेष ट्रेन का संचालन
रेलवे के अनुसार, यह विशेष ट्रेन बढ़नी से 29 जुलाई से 29 अगस्त 2026 तक तथा देवघर से 29 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन संचालित होगी। इस अवधि में ट्रेन के कुल 33 फेरे लगाए जाएंगे, जिससे पूर्वांचल और बिहार के रास्ते देवघर जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं को यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी।
बढ़नी से देवघर तक रहेगा यह रूट
05028 बढ़नी–देवघर श्रावणी मेला विशेष ट्रेन प्रतिदिन 15:20 बजे बढ़नी से रवाना होगी। यह ट्रेन शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर, आनंदनगर, गोरखपुर, कप्तानगंज, रामकोला, पड़रौना, तमकुही रोड, थावे, गोपालगंज, मशरख, मढ़ौरा, सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, मुंगेर, सुल्तानगंज, भागलपुर, बरहट और बांका होते हुए अगले दिन 13:00 बजे देवघर पहुंचेगी।
वापसी में देवघर से बढ़नी तक का समय
05027 देवघर–बढ़नी विशेष ट्रेन प्रतिदिन 18:45 बजे देवघर से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन बांका, बरहट, भागलपुर, सुल्तानगंज, मुंगेर, बरौनी, हाजीपुर, सोनपुर, मशरख, गोपालगंज, थावे, तमकुही रोड, पड़रौना, कप्तानगंज, गोरखपुर, आनंदनगर, सिद्धार्थनगर और शोहरतगढ़ होते हुए अगले दिन 15:15 बजे बढ़नी पहुंचेगी।
कुल 16 कोच के साथ चलेगी ट्रेन
रेलवे प्रशासन ने बताया कि इस विशेष ट्रेन में 14 साधारण द्वितीय श्रेणी (अनारक्षित) तथा 2 एसएलआर (SLR) सहित कुल 16 कोच लगाए जाएंगे। इससे श्रावणी मेला में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।
