Moradabad News: शहनवाज़ बनकर निकाह करने पहुंचा हिन्दू युवक, मांस-बिरयानी की भोज ने खोली पोल, पढ़ें पूरी खबर
Moradabad groom identity dispute: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के मैनाठेर क्षेत्र में निकाह से पहले दूल्हे की पहचान को लेकर विवाद सामने आया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली से बारात लेकर पहुंचा युवक कथित तौर पर खुद को ‘शहनवाज़’ बताकर निकाह करने आया था। हालांकि, पहचान संबंधी दस्तावेज मांगे जाने और खाने को लेकर विवाद के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया। इसके बाद बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई।
मांस खाने से इनकार के बाद बढ़ा शक
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शादी में बारातियों के लिए मांस और बिरयानी का इंतजाम किया गया था। आरोप है कि बारात में शामिल लोगों ने मांस खाने से इनकार कर दिया। इसके बाद निकाह की तैयारियों के दौरान काजी ने दूल्हे से आधार कार्ड और अन्य पहचान संबंधी दस्तावेज दिखाने को कहा। बताया गया कि युवक ने दस्तावेज दिखाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों को उसकी पहचान पर संदेह हुआ। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पूछताछ में विराट वेदी नाम सामने आने का दावा
पुलिस के हवाले से प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, पूछताछ के दौरान युवक की पहचान विराट वेदी के रूप में सामने आने की बात कही गई है। मैनाठेर थाने के इंस्पेक्टर करन पाल सिंह के अनुसार, पुलिस को खाने को लेकर विवाद होने की सूचना मिली थी। घटना के बाद बारात बिना निकाह के वापस लौट गई।
दिल्ली के अस्पताल में हुई थी मुलाकात
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, युवती की मुलाकात युवक से करीब एक साल पहले दिल्ली के एक अस्पताल में हुई थी। बताया जाता है कि युवती अपनी बहन के इलाज के सिलसिले में अस्पताल गई थी। इसी दौरान दोनों की मुलाकात हुई और बाद में उनके बीच संबंध बन गए। रिपोर्ट्स में दोनों के शादी करने का फैसला लेने की बात भी कही गई है।
परिवार की सहमति के लिए पहचान छिपाने का आरोप
प्रकाशित रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि परिवार की सहमति हासिल करने के लिए युवक की पहचान छिपाने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, इस दावे और घटनाक्रम से जुड़े सभी तथ्यों की स्वतंत्र पुष्टि आवश्यक है। मामले में मुरादाबाद पुलिस की आधिकारिक जांच या बयान के आधार पर ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित होगा।
Reported By Shahbaz Khan
