तीन जिलों की सीमा पर स्थित वाटर पार्क में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल, महिलाओं की निजता को लेकर उठी चिंता

वाराणसी। जौनपु सुरेरी थाना क्षेत्र के कोचारी गांव के समीप जौनपुर, वाराणसी और भदोही की सीमा पर स्थित एक वाटर पार्क की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं, लेकिन सुरक्षा, गोपनीयता और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों की चिंता बढ़ा दी है।
पर्यटकों के अनुसार वाटर पार्क घने बबूल के जंगलों और नदी किनारे स्थित है। मुख्य मार्ग से पार्क तक पहुंचने वाला लगभग 5 से 6 किलोमीटर लंबा रास्ता अत्यंत सुनसान रहता है, जहां शाम के समय आवाजाही और भी कम हो जाती है। इस मार्ग पर पुलिस उपस्थिति न के बराबर होने की बात कही जा रही है, जिससे विशेषकर महिला पर्यटकों और परिवारों में असुरक्षा की भावना बनी रहती है।
कुछ महिला पर्यटकों ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर चेंजिंग रूम की गोपनीयता को लेकर गंभीर आशंकाएं जताई हैं। उनका कहना है कि जांच के दौरान चेंजिंग रूम और आसपास संदिग्ध उपकरण देखे जाने की बात सामने आई, जिससे गुप्त कैमरों की आशंका उत्पन्न हुई है। हालांकि इन आरोपों की अभी तक किसी सक्षम एजेंसी द्वारा पुष्टि नहीं की गई है।
इसके अलावा कुछ पर्यटकों ने यह भी आरोप लगाया है कि वाटर पार्क में स्नान के दौरान कुछ यूट्यूबर और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर वीडियो रिकॉर्डिंग करते देखे जाते हैं, जिन्हें बाद में विभिन्न प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जाता है। इससे महिलाओं की निजता, सम्मान और सुरक्षा को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं।
पर्यटकों का कहना है कि वे परिवार के साथ मनोरंजन के उद्देश्य से आए थे, लेकिन इन आशंकाओं ने उन्हें असहज कर दिया है। उनका मानना है कि यदि ये आरोप सही साबित होते हैं तो यह अत्यंत गंभीर विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने प्रशासन से मांग की है कि वाटर पार्क परिसर, विशेषकर चेंजिंग रूम और अन्य संवेदनशील स्थानों की तकनीकी जांच कराई जाए। साथ ही सुनसान मार्ग पर नियमित पुलिस पेट्रोलिंग, सीसीटीवी निगरानी और आपातकालीन सहायता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि पर्यटक सुरक्षित वातावरण में बिना भय के मनोरंजन कर सकें।
लोगों ने यह भी कहा है कि तीन जिलों की सीमा पर स्थित इस प्रमुख पर्यटन स्थल पर सुरक्षा मानकों की नियमित समीक्षा की जानी चाहिए, क्योंकि रास्ते में मनचलों द्वारा महिलाओं पर की जाने वाली टिप्पणियां भी एक गंभीर समस्या बनती जा रही हैं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.