रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी जनपद में जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। जिलाधिकारी कार्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में पहुंचने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी अजय द्विवेदी स्वयं जनता से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतों और समस्याओं का समाधान कराने में जुटे हुए हैं। बताया जाता है कि वह कई बार देर रात तक अपने कार्यालय में बैठकर जनसमस्याओं की समीक्षा करते हैं तथा लंबित प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की प्रगति पर नजर रखते हैं। कई अवसरों पर उन्हें रात 11 बजे तक कार्यालय में कार्य करते हुए देखा गया है।
जनता की समस्याओं के प्रति उनकी संवेदनशीलता और कार्यशैली की लोगों द्वारा सराहना की जा रही है। फरियादियों का कहना है कि जिलाधिकारी द्वारा शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है, जिससे उन्हें न्याय और राहत मिलने की उम्मीद बढ़ी है।
जनपद में जनसुनवाई को प्राथमिकता देने और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए जिलाधिकारी अजय द्विवेदी के प्रयासों को एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
