Viksit Bharat 2047 Street Play: सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ऐलनाबाद के सीएमआरजे राजकीय महाविद्यालय में नुक्कड़ नाटक आयोजित

Viksit Bharat 2047 Street Play ( डॉ एम पी भार्गव ): ऐलनाबाद के स्थानीय चौ. मनीराम झोरड़ राजकीय महाविद्यालय, मिठी सुरेरां में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष रवि लढ़ा, भाजपा के सह जिला मीडिया प्रभारी सुभाष चौहान, आईटी सेल के सह जिला प्रभारी टिकम चोटिया बतौर अतिथि उपस्थित हुए। सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी प्रो प्रवीन कुमार के समन्वय में कार्यकारी प्राचार्या कुलजीत कौर, प्रो साधा सिंह, सुमित सौरव एवं आर्यन यादव ने सहयोग किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को देश के विकास, सामाजिक परिवर्तन, जनसेवा, तकनीकी प्रगति तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों के प्रति जागरूक कर उन्हें विकसित भारत–2047 के संकल्प से जोड़ना था। सिरसा के कुसुम आर्ट ग्रुप के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से  वर्ष 2014 से 2026 के बीच देश में सामने आए विभिन्न महत्वपूर्ण विकासात्मक, सामाजिक, आर्थिक, तकनीकी एवं राष्ट्रीय घटनाक्रमों को संवाद, अभिनय और सामूहिक प्रस्तुति के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति

नाटक में विद्यार्थियों ने आतंकवाद के विरुद्ध कार्रवाई एवं सर्जिकल स्ट्राइक, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने, जी-20 शिखर सम्मेलन, यूपीआई एवं डिजिटल भुगतान, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण, आयुष्मान भारत योजना, स्टार्टअप एवं कौशल विकास, स्वच्छ भारत अभियान, ग्रामीण विकास तथा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी जैसे विभिन्न विषयों को मंचन के माध्यम से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि आधुनिक तकनीक और डिजिटल सेवाएँ नागरिकों के दैनिक जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसी प्रकार स्टार्टअप, कौशल विकास एवं उद्यमिता से जुड़े विषयों के माध्यम से विद्यार्थियों को रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ रोजगार सृजन की संभावनाओं के प्रति जागरूक किया।

नोडल अधिकारी प्रो प्रवीन कुमार

नाटक में युवाओं को अपनी शिक्षा, कौशल, प्रतिभा एवं नवाचार का उपयोग समाज और राष्ट्र के विकास में करने के लिए प्रेरित किया। प्रस्तुति में स्वच्छ भारत अभियान, ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों को भी स्थान दिया गया। विद्यार्थियों ने अपने अभिनय के माध्यम से यह संदेश दिया कि देश के विकास में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी, जिम्मेदारी और सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है। नाटक में जी-20 शिखर सम्मेलन को भारत की वैश्विक सहभागिता और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की भूमिका से जोड़ते हुए प्रस्तुत किया। इसी प्रकार स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को राष्ट्रीय एकता और एकजुटता के संदेश के साथ प्रस्तुत किया। विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से विद्यार्थियों ने दर्शाया कि देश की प्रगति में एकता, सहयोग, नवाचार, तकनीक, शिक्षा और युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है।

नुक्कड़ नाटक का समापन “विकसित भारत–2047” की संकल्पना के साथ किया। विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे अपने व्यक्तिगत विकास के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के विकास में भी सक्रिय योगदान दें। उन्हें शिक्षा, कौशल, नवाचार, उद्यमिता, डिजिटल जागरूकता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं जिम्मेदार नागरिकता के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं आत्मविश्वास के साथ अपनी भूमिकाएँ निभाईं। नोडल अधिकारी प्रो प्रवीन कुमार ने सभी अतिथियों, कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाली सम्पूर्ण टीम, प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.