फिरोजपुर मंडल में संरक्षा संगोष्ठी एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन, रेलकर्मियों ने सीखे सुरक्षित परिचालन के गुर 

  • रिपोर्ट: ललित शर्मा

रेल संचालन को पूरी तरह सुरक्षित तरीके से सुनिश्चित करने के उद्देश्य से फिरोजपुर मंडल के मंडल यातायात प्रशिक्षण केंद्र में दिनांक 19 जून 2026 को मंडल रेल प्रबंधक श्री संजीव कुमार के मार्गदर्शन में परिचालन विभाग द्वारा संरक्षा संगोष्ठी एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री गुरुशरण पाठक की अध्यक्षता में आयोजित यह कार्यक्रम लगभग चार घंटे तक चला, जिसमें 100 से अधिक रेलकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सुरक्षित रेल संचालन पर हुआ गहन मंथन: संगोष्ठी के दौरान रेल परिचालन में संरक्षा की महत्ता, सिग्नलों के शत-प्रतिशत अनुपालन, सतर्कता तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और संरक्षा नियमों के कड़ाई से पालन का संदेश दिया।

क्विज प्रतियोगिता में दिखा रेलकर्मियों का ज्ञान और उत्साह- कार्यक्रम के दौरान ट्रेन परिचालन एवं संरक्षा नियमों पर आधारित एक रोचक लाइव क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ इसमें भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को अधिकारियों द्वारा मौके पर ही पुरस्कृत किया गया।

व्यावहारिक प्रशिक्षण बना आकर्षण का केंद्र: संगोष्ठी के दौरान कर्मचारियों को संरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, जिसमें—

-लाइव फायर ड्रिल: स्टेशन अथवा ट्रेन में आग लगने जैसी आपात परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

-क्रैंक हैंडल संचालन: पॉइंट फेल होने की स्थिति में रेल परिचालन को निर्बाध बनाए रखने हेतु क्रैंक हैंडल के प्रयोग का लाइव प्रदर्शन किया गया।

-सुरक्षित शंटिंग अभ्यास: शंटिंग कार्य के दौरान मानवीय त्रुटियों को न्यूनतम करने और सुरक्षित कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने के लिए हैंड ऑपरेटेड पॉइंट पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (सामान्य) श्री त्रिलोक सिंह, मंडल परिचालन प्रबंधक श्री हरमीत सिंह सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.