रामपुर जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को कार्यक्रमों के आयोजन एवं व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई।
जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं शहरी वार्ड में दिव्यांग कल्याण से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थी परिवार शाम 7 बजे अपने घरों में दीप प्रज्वलित करेंगे। प्रमुख अवसंरचना परियोजनाओं, नदी घाटों, मंदिरों, पार्कों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं चिकित्सालयों में भी दीप प्रज्वलन की व्यवस्था की जाएगी।
जिलाधिकारी ने इसके लिए लाभार्थियों की सूची ग्राम पंचायत, वार्ड एवं मोहल्ला स्तर पर तैयार कराने के निर्देश दिए।
‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक शासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 5 से 8 तक ड्राइंग तथा कक्षा 9 से 12 तक भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। उत्कृष्ट चित्रों का चयन कर जिला स्तरीय प्रदर्शनी लगाई जाएगी। उच्च शिक्षण संस्थानों में युवाओं के साथ संवाद और विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। कार्यक्रमों में अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
‘नमो सेवा गाथा’ के तहत 2 अक्टूबर को प्रमुख स्थलों सहित ग्राम पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों और विद्यालयों में सांस्कृतिक एवं नुक्कड़ नाटकों का मंचन होगा।
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का उत्सव’ के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय कार्यक्रम होंगे। इनमें आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं का सम्मान, स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, महिला एवं बाल विकास योजनाओं की जानकारी तथा बच्चों को पौष्टिक सामग्री उपलब्ध कराने जैसी गतिविधियां होंगी। कार्यक्रमों में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की सहभागिता रहेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, नदी घाटों की सफाई, शिक्षा सहयोग, करियर काउंसलिंग, अंगदान एवं नशामुक्ति जागरूकता सहित अन्य गतिविधियां भी आयोजित की जाएं।
अभियान के दौरान ‘कहानी बदलाव की’ के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों के जीवन में आए बदलाव पर वीडियो तैयार किए जाएंगे।
7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत जनपद के प्रमुख चौराहे पर सेवा ज्योति स्थापित करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। विभिन्न क्षेत्रों से पैदल, साइकिल एवं बाइक रैलियां मुख्य स्थल तक पहुंचेंगी। यहां एलईडी स्क्रीन पर संबोधन का प्रसारण तथा विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प का कार्यक्रम होगा। सफाई, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को दी गई है।
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत प्रत्येक विकासखंड में सात दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन, पात्रता सत्यापन और लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी। शिविरों के साथ स्वास्थ्य मेले भी लगाए जाएंगे।
इसके अलावा प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर ‘रंगोली राष्ट्र’ के तहत विकसित भारत-2047 एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की थीम पर रंगोली बनाई जाएगी तथा युवाओं को राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज से जोड़ने के लिए शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
17 अक्टूबर को ‘जनसेवा महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ के साथ अभियान का समापन होगा। इसके अंतर्गत जनप्रतिनिधियों की सहभागिता, सेवा कार्यों से संबंधित प्रस्तुतियां तथा विकसित भारत-2047 से जुड़े कार्यक्रम होंगे। प्रमुख स्मारकों एवं पर्यटन स्थलों पर लेजर शो और ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम चौपाल के माध्यम से योजनाओं की जानकारी एवं नागरिकों से सुझाव लेने की गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रमों की तैयारियां समय से पूरी करने, विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने तथा उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का निर्धारित समय में पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ.नितिन मदान, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आनंद कुमार सिंह सहित संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
