आरटीओ बरेली ने एआरटीओ कार्यालय और एडीटीआई का किया औचक निरीक्षण, सीसीटीवी और डीएल टेस्ट की रिकॉर्डिंग की भी की जांच
रामपुर, परिवहन विभाग की व्यवस्थाओं की जांच के लिए संभागीय परिवहन अधिकारी, बरेली पंकज सिंह ने एआरटीओ कार्यालय और ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक (एडीटीआई) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में कामकाज सामान्य मिला और किसी बिचौलिये की गतिविधि सामने नहीं आई।
एआरटीओ कार्यालय में सुरक्षा के लिए लगे 11 सीसीटीवी कैमरे चालू मिले। उनकी रिकॉर्डिंग भी साफ पाई गई। संभागीय परिवहन अधिकारी ने सीसीटीवी रिकॉर्डिंग को सात दिन से बढ़ाकर 30 दिन सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान कार्यालय में अपना काम कराने आए लोगों से पूछताछ की गई। किसी ने भी कर्मचारी या बाहरी व्यक्ति द्वारा काम कराने के बदले पैसे मांगने की शिकायत नहीं की। कार्यालय के आसपास भी बिचौलियों की कोई दुकान या ठिकाना नहीं मिला। अधिकांश लोग अपना काम खुद कराते हुए पाए गए।

निरीक्षण के दौरान कार्यालय में तैनात कर्मचारियों की उपस्थिति और पहचान पत्र भी जांचे गए। दो कर्मचारियों के पास विभागीय पहचान पत्र नहीं मिला। उन्हें पहचान पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर साफ और रिकॉर्ड रूम भी व्यवस्थित पाया गया।
एडीटीआई में भी आवेदकों से पूछताछ की गई। किसी ने अवैध पैसे लिए जाने या अन्य अनियमितता की शिकायत नहीं की। पूर्व में हुए ड्राइविंग टेस्ट की वीडियो रिकॉर्डिंग और परिणाम की जांच की गई, जो संतोषजनक पाए गए।
आरटीओ ने एडीटीआई के कर्मचारियों को पहचान पत्र पहनकर ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने वेटिंग एरिया में ड्राइविंग टेस्ट से जुड़ी जानकारी प्रदर्शित करने तथा परिसर में सड़क सुरक्षा से संबंधित पोस्टर और संदेश लगाने को भी कहा गया।
निरीक्षण के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन राजेश कुमार श्रीवास्तव, यात्री एवं मालकर अधिकारी होरीलाल वर्मा मौजूद रहे।
