युवतियां शिक्षा और आत्मनिर्भरता को बनाएं लक्ष्य
• राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का आह्वान, 78 युवतियों ने लिया संकल्प
- रिपोर्ट: अजीत पाण्डेय
बभनी(सोनभद्र)। क्षेत्र स्थित सेवा समर्पण संस्थान के सेवा कुंज आश्रम, कारीडाड़ चपकी में आयोजित दो दिवसीय युवती चेतना शिविर का रविवार को समापन हुआ। अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम से संबद्ध शिविर में युवतियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, अधिकारों, साइबर सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया। मुख्य वक्ता एवं हिंदू जागरण मंच की केंद्रीय टीम की सदस्य गुंजन नन्दा ने कहा कि युवतियां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य निर्धारित करें और शिक्षा व कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने युवतियों से अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने तथा परिवार और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
शिविर के अंतिम सत्र में युवतियों ने शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति स्वयं जागरूक रहने का संकल्प लिया। साथ ही परिवार, संस्कृति और अपनी भाषा के संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने तथा अपने गांव या क्षेत्र की कम से कम एक अन्य युवती को शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प भी लिया। शिविर में चोपन, म्योरपुर और बभनी ब्लॉक की कुल 78 युवतियों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर देव नारायण खरवार, धनुकधारी सिंह, साधुचरण, व्यास मुनि यादव, शिव प्रसाद, राम प्रकाश पांडेय, अमर देव पांडेय, मिथिलेश, रत्ना विश्वास और रमाकांत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
