Rampur Job Fair: संकल्प अभियान के तहत रोजगार मेले में 482 से अधिक युवाओं का चयन
19 कंपनियों ने उपलब्ध कराए रोजगार के अवसर
Rampur Job Fair:सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय एवं एपेक्स ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, कौशलगंज बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में संस्थान परिसर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 19 कंपनियों ने प्रतिभाग किया तथा साक्षात्कार के माध्यम से 482 से अधिक युवाओं का चयन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख बिलासपुर कुलवन्त सिंह औलख एवं मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि सरकार युवाओं को उनके क्षेत्र में ही रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए रोजगार मेलों का आयोजन कर रही है।

मुख्य विकास अधिकारी ने युवाओं से उपलब्ध रोजगार अवसरों का लाभ उठाने तथा चयनित कंपनियों में मेहनत, लगन एवं अनुशासन के साथ कार्य करते हुए अपनी कार्यक्षमता विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। इस दौरान सहायक श्रम आयुक्त द्वारा श्रमिक हित लाभ के तहत विभिन्न लाभार्थियों को 1.44 लाख रुपये की धनराशि के प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

मंडलीय सहायक निदेशक सेवायोजन/प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी रत्नेश चन्द्र ने युवाओं को रोजगार मेले की रूपरेखा की जानकारी दी और चयनित युवाओं से कंपनियों में निरंतर मेहनत एवं लगन से कार्य करने की अपील की।
इस अवसर पर एपेक्स ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के मैनेजिंग डायरेक्टर मंदीप सिंह, ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट ऑफिसर दीपांशु, सहायक श्रम आयुक्त विद्या प्रकाश शर्मा सहित सेवायोजन विभाग एवं संस्थान के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
