Census 2027 Training: रामपुर में जनगणना-2027 के दूसरे चरण का प्रशिक्षण शुरू, प्रगणकों और सुपरवाइजरों को दी जा रही ट्रेनिंग
Rampur Census 2027 Training: जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत रामपुर जनपद में प्रगणकों और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) आनंद कुमार सिंह ने मिलक स्थित हेरिटेज चिल्ड्रन एकेडमी में आयोजित द्वितीय बैच के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान जनगणना कार्य को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सटीक और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर जोर दिया गया।
वहीं, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पुष्पेंद्र पटेल ने नगर पंचायत शाहाबाद के नगरीय चार्ज के अंतर्गत राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए प्रगणकों और सुपरवाइजरों को दिए जा रहे प्रशिक्षण की जानकारी ली।
Census 2027 Training: स्वार और बिलासपुर में भी चल रहा प्रशिक्षण
जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत तहसील स्वार के ग्रामीण चार्ज में राजकीय इंटर कॉलेज और राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अलावा बिलासपुर स्थित गुरुनानक इंटर कॉलेज में भी प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना की प्रक्रिया, उनकी निर्धारित जिम्मेदारियों और नागरिकों से प्राप्त सूचनाओं के सही तरीके से संकलन की जानकारी दी जा रही है। इसका उद्देश्य जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचना और सभी आंकड़ों को निर्धारित मानकों के अनुरूप एकत्र करना है।
Census 2027 Training: विकास योजनाओं के निर्धारण में महत्वपूर्ण
अधिकारियों ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके माध्यम से एकत्र किए जाने वाले आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और सरकारी नीतियों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रक्रिया की पूरी जानकारी हासिल करने तथा जनगणना कार्य को गंभीरता, पारदर्शिता और सटीकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
