सीएम योगी के रामपुर दौरे की तैयारी तेज, डीएम ने सभी अधिकारियों की छुट्टियां कीं रद्द, मुख्यालय छोड़ने पर रोक
मुख्यमंत्री योगी के रामपुर दौरे की तैयारियां तेज, डीएम ने सभी अधिकारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से कीं निरस्त
रामपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 30 जून को प्रस्तावित रामपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश जारी करते हुए तैयारियां तेज करने के आदेश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी सरकारी कार्यालय सुव्यवस्थित और पूरी तरह मेंटेन रखे जाएं। साथ ही जनपद स्तरीय अधिकारियों, सभी उप जिलाधिकारियों, तहसील स्तरीय अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों, लेखपालों, ग्राम सचिवों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अगले आदेश तक मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने स्पष्ट किया है कि जो अधिकारी या कर्मचारी वर्तमान में अवकाश पर हैं अथवा मुख्यालय से बाहर हैं, उनका अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त माना जाएगा। ऐसे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल मुख्यालय पहुंचकर अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी स्तर पर शिथिलता, लापरवाही या आदेशों की अवहेलना पाई गई तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की होगी।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है। जिला प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था, विकास कार्यों और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।
