बिलासपुर में कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण, अधिकारियों ने दिए सख्त निर्देश
रामपुर के बिलासपुर कस्बे में संचालित कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है। सुरक्षा मानकों को परखने के लिए नगर पालिका बिलासपुर के अधिशासी अधिकारी नितिन गंगवार, अग्निशमन विभाग बिलासपुर के सी योगेश कुमार शर्मा और प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने संयुक्त रूप से कस्बे में चल रहे विभिन्न कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संस्थानों में मौजूद सुरक्षा व्यवस्थाओं, अग्निशमन उपकरणों, आने-जाने के रास्तों और आपातकालीन इंतजामों की बारीकी से जांच की। अधिकारियों ने संचालकों को निर्देश दिए कि किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए।
अधिकारियों ने कहा कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संस्थानों में जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रहनी चाहिए। इस दौरान संबंधित अधिकारियों ने कोचिंग संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
