Rampur Plastic Free Gram Panchayat: सेवा संकल्प अभियान के तहत 180 ग्राम पंचायतें प्लास्टिक मुक्त घोषित
Rampur Plastic Free Gram Panchayat: जनपद रामपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक स्वच्छता, जनभागीदारी एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी नत्थूलाल ने ग्राम पंचायत नगलिया आकिल एवं सींगनखेड़ा का भ्रमण कर सिंगल यूज प्लास्टिक एकत्रित करते हुए प्लास्टिक मुक्त ग्राम पंचायत अभियान चलाया।
इस दौरान ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों से संवाद कर ग्राम पंचायतों को सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से मुक्त रखने, प्लास्टिक अपशिष्ट के उचित संग्रहण एवं निस्तारण तथा स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। ग्रामीणों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए कपड़े के थैले एवं अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्पों का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के तहत जनपद की 180 ग्राम पंचायतों को प्लास्टिक मुक्त ग्राम पंचायत घोषित किया गया। यह उपलब्धि स्वच्छता के प्रति ग्रामीणों की सहभागिता, ग्राम पंचायतों के प्रयासों तथा प्रशासन द्वारा संचालित जनजागरूकता अभियानों का परिणाम है।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल स्वच्छता गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक ग्रामवासी को स्वच्छ, स्वस्थ एवं प्लास्टिक मुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से प्लास्टिक मुक्त ग्राम पंचायत के संकल्प को निरंतर बनाए रखने तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि “स्वच्छ ग्राम, प्लास्टिक मुक्त ग्राम और स्वस्थ समाज” के संकल्प को जनभागीदारी से साकार किया जा सकता है। अभियान के दौरान ग्राम पंचायतों में स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त वातावरण के लिए किए जा रहे प्रयासों को निरंतर गति प्रदान की जाएगी।
