- रिपोर्ट- कपिल सिंह
अयोध्या। रामनगरी में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत छोटी देवकाली मंदिर तिराहे पर ‘सिंदूर स्मारक’ बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इस परियोजना के माध्यम से तिराहे को न केवल नया स्वरूप दिया जाएगा, बल्कि इसे देश को समर्पित एक प्रतीकात्मक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की स्मृति में इस भव्य स्मारक का निर्माण प्रस्तावित है, जिस पर करीब 20 लाख रुपये की लागत से कार्य शुरू किया जाएगा। तिराहे के सौंदर्यीकरण के तहत आकर्षक लाइटिंग, आधुनिक डिजाइन और विशेष सजावट की योजना बनाई गई है। साथ ही यहां फाइटर जेट की स्थापना का भी प्रस्ताव है, जो इसे और अधिक आकर्षक बनाएगा।
हालांकि, तिराहे के नामकरण को लेकर चल रही चर्चाओं पर महापौर ने स्पष्ट किया है कि बिना निर्धारित प्रक्रिया के किसी भी चौराहे का नाम नहीं बदला जाएगा। उन्होंने कहा कि छोटी देवकाली मंदिर तिराहा अपने वर्तमान नाम से ही जाना जाएगा और यहां केवल ‘सिंदूर स्मारक’ की स्थापना की जाएगी।
गौरतलब है कि ‘सिंदूर चौराहा’ नाम को लेकर क्षेत्र में काफी चर्चा थी, जिसे अब स्पष्ट कर दिया गया है। इस पहल के जरिए धार्मिक आस्था और आधुनिकता का सुंदर संगम देखने को मिलेगा।
इसके अलावा, प्रमोद वन तिराहे को ‘मृदंग तिराहा’ के रूप में विकसित करने की भी तैयारी की जा रही है, जिससे शहर के प्रमुख स्थलों को नई पहचान मिल सके।
