राष्ट्रीय गीतकार डॉ. उर्मिलेश की 74वीं जयंती पर बदायूं क्लब में वृहद पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
बदायूं, 6 जुलाई 2025 : राष्ट्रीय गीतकार स्व. डॉ. उर्मिलेश की 74वीं जन्म जयंती के अवसर पर आज बदायूं क्लब प्रांगण में एक वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन में बदायूं के प्रतिष्ठित समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और पत्रकारों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः हुई, जहां सभी उपस्थित लोगों ने डॉ. उर्मिलेश की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद क्लब परिसर में 30 पौधों का सामूहिक पौधारोपण किया गया। आयोजन में सभी ने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए पौधों के समुचित संरक्षण के लिए सुझाव और संकल्प साझा किए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार ने कहा,
“पर्यावरण संरक्षण भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। हर व्यक्ति को इस दिशा में गंभीरता से प्रयास करने चाहिए। यह आयोजन डॉ. उर्मिलेश की स्मृति में एक सार्थक प्रयास है।”
भाजपा जिला उपाध्यक्ष शारदेंदु पाठक ने पौधारोपण को सफल बनाने की जिम्मेदारी सभी की बताते हुए कहा कि,
“ऐसे आयोजनों की निरंतर मॉनिटरिंग होनी चाहिए ताकि पौधे जीवित रहें और वातावरण को संरक्षित करें।”
प्रभागीय निदेशक वन प्रभाग प्रदीप कुमार ने इस प्रयास को “समय की मांग” बताते हुए कहा कि क्लब की यह पहल निश्चित रूप से दूसरों को भी प्रेरित करेगी।
अंत में डॉ. अक्षत अशेष ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि सभी पौधों के ट्री गार्ड सहित सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे यह पौधे लंबे समय तक सुरक्षित और जीवंत रहें।
इस मौके पर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:
डॉ. गोपाल मिश्रा, डॉ. एस.के. गुप्ता, रविंद्र मोहन सक्सेना, डॉ. आशीर्वाद वसिष्ठ, डॉ. मधु गौतम, बृजेश मिश्रा, जितेंद्र महाजन, राहुल कुमार चौबे, नरेश चंद्र शंखधार, पंकज शर्मा, डॉ. सत्यम मिश्रा, रबि भूषण पाठक, मयंक प्रताप, सुशील शर्मा, अरविंद गुप्ता, राहुल पाठक, कामेश पाठक, आगाम अशेष, विराज अशेष, विष्णु उपाध्याय समेत अनेक गणमान्य लोग।
सभी उपस्थितजनों ने डॉ. उर्मिलेश के सपनों को साकार करने और हरियाली की अलख जगाने का संकल्प लिया।
