निताशा सिहाग ने विद्यार्थियों को दिलवाई नशामुक्ति की शपथ

- "नायाब सपना — स्वस्थ, समृद्ध हरियाणा अपना" अभियान के तहत नशामुक्ति शपथ व पौधारोपण कार्यक्रम संपन्न

ऐलनाबाद (एम पी भार्गव ) :  मुख्यमंत्री  नायाब सैनी जी की प्रेरणा से चलाए जा रहे “नायाब सपना — स्वस्थ, समृद्ध हरियाणा अपना” अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ऐलनाबाद में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय नारी शक्ति एसोसिएशन के बैनर तले संपन्न हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में संस्था की संस्थापक एवं अध्यक्ष निताशा सिहाग उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-युवाओं में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाना रहा। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं को “नशा न करने एवं दूसरों को नशे से रोकने” की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

सत्र के दौरान विद्यालय प्राचार्य विद्याधर बेनीवाल, साथ ही स्टाफ सदस्य महेंद्र कौशिक, मनिंदर सिंह, सपना गिल, वीरमती आदि भी मौजूद रहे। सभी ने बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने और जीवन में सकारात्मक सोच विकसित करने की प्रेरणा दी।

इसी अवसर पर विद्यालय प्रांगण में पौधारोपण भी किया गया। विद्यालय इंचार्ज, स्टाफ सदस्यों व छात्रों ने मिलकर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। पौधारोपण के माध्यम से उपस्थितजनों ने संदेश दिया कि स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण ही युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करता है।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि निताशा सिहाग ने अपने संबोधन में कहा कि “नशा केवल व्यक्ति का ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का नुकसान करता है। युवा पीढ़ी को जागरूक करना हम सभी की जिम्मेदारी है। पौधारोपण और नशामुक्ति जैसे संकल्प हरियाणा को स्वस्थ और समृद्ध बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।”

भारतीय नारी शक्ति एसोसिएशन तथा विद्यालय प्रशासन ने आगे भी इस प्रकार के शैक्षिक व जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.