निमोद में गूंजेगी श्रीकृष्ण भक्ति की मधुर गूंज, 31 अगस्त से 4 सितंबर तक होगा भव्य जन्माष्टमी महोत्सव
पांच दिवसीय संगीतमय ‘नानी बाई का मायरा’ कथा में उमड़ेगा श्रद्धा का सैलाब, कलश यात्रा से होगा शुभारंभ
Elnabad/Nimod, August 30 (एम पी भार्गव): श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व के अवसर पर निमोद में इस वर्ष भक्ति और धार्मिक उल्लास का भव्य आयोजन होने जा रहा है।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव-2026 के तहत 31 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक पांच दिवसीय संगीतमय ‘नानी बाई का मायरा’ कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर ग्रामवासियों एवं श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।
महोत्सव का आयोजन मुख्य बाजार स्थित गोपाल जी मंदिर में होगा। कथा का वाचन प्रसिद्ध कथावाचक पं. श्री नेमीचंद शास्त्री जी, मंडूकरा वाले द्वारा किया जाएगा। पांच दिनों तक कथा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, धार्मिक प्रसंगों एवं नानी बाई के मायरे की भावपूर्ण कथा का अमृत श्रद्धालुओं को सुनने का अवसर मिलेगा।
कलश यात्रा के साथ होगा महोत्सव का शुभारंभ-
महोत्सव का शुभारंभ 31 अगस्त को सुबह 9 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। कलश यात्रा के पश्चात दोपहर 1:15 बजे से शाम 4:15 बजे तक प्रतिदिन कथा का आयोजन किया जाएगा। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ मंदिर परिसर की विशेष एवं आकर्षक सजावट की जाएगी।
जन्माष्टमी पर होंगे विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम-
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर महोत्सव में विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंदिर परिसर में आकर्षक सजावट के साथ पूरे क्षेत्र में भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण रहेगा, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
4 सितंबर को भव्य भजन संध्या एवं रात्रि जागरण-
महोत्सव का सबसे विशेष आकर्षण 4 सितंबर की रात 8:30 बजे से आयोजित होने वाली भव्य भजन संध्या एवं रात्रि जागरण रहेगा, जो प्रभु इच्छा तक चलेगा। रात्रि जागरण के दौरान आकर्षक एवं मनमोहक धार्मिक झांकियों का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे पूरा वातावरण कृष्ण भक्ति से सराबोर हो उठेगा।
कथा के आयोजक कृष्ण गोपाल (कन्हैयाजी) एवं समस्त ग्रामवासियों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से कलश यात्रा, पांच दिवसीय कथा, भजन संध्या एवं रात्रि जागरण में परिवार सहित शामिल होने की अपील की है।
