सोनभद्र : एनएचएम संविदा कर्मियों का कार्य बहिष्कार जारी, मांगों पर ठोस निर्णय नहीं

• “भीख नहीं, अपना हक मांग रहे हैं”, ओपीडी समेत सामान्य स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित

  • रिपोर्ट : मनीष कुमार

दुद्धी(सोनभद्र)। छह सूत्रीय मांगों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार और प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा। ब्लॉक अध्यक्ष विष्णु दयाल के नेतृत्व में कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन कर शासन के खिलाफ नारेबाजी की। हड़ताल के चलते ओपीडी समेत सामान्य स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं, जबकि आपातकालीन सेवाओं को इससे अलग रखा गया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि 12 अक्टूबर को लखनऊ में प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन के बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है और न ही उच्च स्तर से अधिकारियों को कोई आदेश जारी हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि संविदा कर्मचारियों की मांगों को लगातार अनदेखा किया जा रहा है। कर्मचारियों ने स्पष्ट कहा कि वे भीख नहीं, बल्कि अपने वैधानिक अधिकार और सेवा सुरक्षा मांग रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होता, कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में संविदा कर्मियों का नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन, 10 लाख रुपये तक कैशलेस स्वास्थ्य बीमा तथा डीए, ईपीएफ और एचआरए का लाभ शामिल है। इसके अलावा गैर-जनपद स्थानांतरण की पारदर्शी व्यवस्था, सेवा के दौरान मृत्यु होने पर आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति, आउटसोर्स कर्मचारियों का एनएचएम में समायोजन और नियमित भर्ती में संविदा कर्मियों को 25 प्रतिशत वेटेज देने की मांग की गई है। संघ प्रतिनिधियों ने कहा कि संविदा कर्मचारी लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं में जिम्मेदारी निभा रहे हैं, लेकिन उन्हें सेवा सुरक्षा और जरूरी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। प्रदेश के एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने 8 से 10 अक्टूबर तक कार्य बहिष्कार और 12 अक्टूबर से लखनऊ में प्रदर्शन का कार्यक्रम घोषित किया था। कर्मचारियों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।

 

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.