रेल विकास को नई रफ्तार: छपरा–दिल्ली और मऊ–दिल्ली एक्सप्रेस को हरी झंडी, वाराणसी सिटी तक सेवा विस्तार

  • रिपोर्ट: पंकज झा

वाराणसी। छपरा, माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी ने आज छपरा जंक्शन स्टेशन पर आयोजित समारोह में छपरा–दिल्ली एक्सप्रेस तथा मऊ–दिल्ली एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही दोहरीघाट–औंड़िहार ट्रेन सेवा का वाराणसी सिटी तक मार्ग विस्तार भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शुभारंभ किया गया। इसी अवसर पर बिहार के मढ़ौरा लोको प्लांट में निर्मित 51वें डब्लू.डी.जी.4जी. रेल इंजन को गिनी गणराज्य के लिए निर्यात हेतु रवाना किया गया। यह उपलब्धि भारतीय रेल के वैश्विक विस्तार को और मजबूती प्रदान करती है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेल मंत्री ने कहा कि 11 मई को दोहरीघाट में की गई घोषणा के अनुरूप इन नई रेल सेवाओं का संचालन तय समय पर शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि बिहार में रिकॉर्ड स्तर पर रेल विकास कार्य हो रहे हैं, जिसमें नई रेल लाइनों, दोहरीकरण, आरओबी निर्माण तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 98 स्टेशनों का पुनर्विकास शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में बुलेट ट्रेन नेटवर्क का विस्तार दिल्ली–वाराणसी–पटना सहित अन्य मार्गों पर किया जाएगा, जिससे यात्रा समय में भारी कमी आएगी।

मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने इस अवसर को बिहार के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि नई ट्रेनों और मार्ग विस्तार से छपरा, मऊ और आसपास के क्षेत्रों की दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश से कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि बिहार में रेल, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हो रहा है और राज्य विकास के नए आयाम छू रहा है।समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.