मिर्जापुर पुलिस ने 234 खोए हुए मोबाइल किए बरामद, 32 लाख रुपये के फोन मालिकों को लौटाए

  • रिपोर्ट: मंजय वर्मा

मिर्जापुर। मिर्जापुर पुलिस ने खोए हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 234 स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 32 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पत्रकार वार्ता के दौरान इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि लंबे समय से गुम हुए मोबाइल फोन को तकनीकी सहायता और पुलिस टीम के सतत प्रयासों से बरामद किया गया है। बरामद सभी मोबाइल उनके मालिकों को वापस सौंप दिए गए हैं।

मोबाइल बरामदगी में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पुलिस टीम को 15 हजार रुपये का पुरस्कार भी प्रदान किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस लगातार तत्पर है।

कई महीनों से अपना मोबाइल खो चुके लोगों को जब उनके फोन वापस मिले तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने मिर्जापुर पुलिस और पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।

इस कार्रवाई से पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है तथा खोए हुए मोबाइल की वापसी से नागरिकों में खुशी का माहौल है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.