मिलिए पुलिस अफसर से एचसीएस अधिकारी और लेखिका अदिति- भगवद्गीता को धारावाहिक शैली,सरल और बोलचाल की भाषा में प्रस्तुत किया है

गुस्ताखी माफ़ हरियाणा: पवन कुमार बंसल

दिल्ली पुलिस में सहायक आयुक्त के पद से हरियाणा सिविल सेवा (HCS) अधिकारी बनीं अदिति आजकल अपनी पुस्तक “आज के संदर्भ में श्रीमद्भगवद्गीता” को लेकर चर्चा में हैं। इस पुस्तक में उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के अठारह अध्यायों को धारावाहिक शैली में सरल और आम बोलचाल की भाषा में प्रस्तुत किया है।
लेखिका का मानना है कि यदि उनकी इस पुस्तक को पढ़कर किसी एक व्यक्ति की भी गीता पढ़ने में रुचि बढ़ती है, तो वह अपने प्रयास को सफल मानेंगी। वर्तमान में अदिति हरियाणा सिविल सेवा में अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले वे दिल्ली पुलिस में सहायक आयुक्त के पद पर अपनी सेवाएँ दे चुकी हैं। बाद में उनका चयन हरियाणा सिविल सेवा में हुआ।
संस्कृत का ज्ञान उन्हें विरासत में मिला है। उनकी माता डॉ. ज्योत्स्ना, डी.ए.वी. कॉलेज अंबाला में संस्कृत की प्रोफेसर रही हैं, जबकि उनके नाना स्वर्गीय डॉ. सुरिंदर गुप्ता, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, हरिद्वार से जुड़े रहे और वेदों के विद्वान थे।
अदिति इससे पहले महिला सशक्तिकरण विषय पर अनेक लेख लिख चुकी हैं। इसके अतिरिक्त वे भारतीय संस्कृति पर आधारित एक और पुस्तक लेखन कार्य में जुटी हुई हैं। लेखन और समाज सेवा में उनकी विशेष रुचि है।
जब अदिति और वर्ष 2016 बैच के लगभग तीस अधिकारी हरियाणा इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन (HIPA), गुरुग्राम में फाउंडेशन कोर्स कर रहे थे, तब इस कलमघसीट ने उन्हें मीडिया और जनता से बेहतर संबंध बनाने के कुछ व्यावहारिक गुर बताए थे।
गुस्ताखी माफ़ हरयाणा की नियमित पाठक अदिति का कहना है कि हरियाणा की धरती पर भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता का उपदेश दिया था। यदि हम गीता को पढ़ें और उसकी शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाएँ, तो हम न केवल बेहतर इंसान बन सकते हैं, बल्कि अधिक संतुलित, सार्थक और सकारात्मक जीवन भी जी सकते हैं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.