ऐलनाबाद: 14 बोतल अवैध शराब सहित व्यक्ति काबू 

ऐलनाबाद 16 अप्रैल ( एम पी भार्गव ) जिला पुलिस द्वारा अवैध रूप से शराब बेचने वालों एवं खुर्दा संचालकों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए जिला की रोड़ी थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को 14 बोतल अवैध शराब सहित काबू किया है । इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए रोड़ी थाना प्रभारी ने बताया रोड़ी थाना की एक पुलिस टीम ने गश्त व चेकिंग के दौरान गांव सुरतिया क्षेत्र में मौजूद थी । इसी दौरान सामने से एक व्यक्ति अपने हाथ में प्लास्टिक का कट्टा लिए हुए आता हुआ दिखाई दिया । उक्त व्यक्ति ने पुलिस की गाड़ी को देखकर अचानक वापस मुड़कर खिसकने का प्रयास किया तो पुलिस पार्टी ने उक्त व्यक्ति को काबू कर नियमानुसार प्लास्टिक कट्टे की तलाशी ली तो उसमें से 14 बोतल देशी शराब बरामद हुई । गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान रण सिंह पुत्र काका सिंह निवासी गांव सुरतिया जिला सिरसा के रुप मे हुई है । उन्होने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत थाना रोड़ी में मामला दर्ज कर अवैध शराब बचने वालों के खिलाफ जांच शरु की गई है ।

खराब पौधों को बदलने या बागवानी से जुड़ी टूल किट पर 40 से 75 प्रतिशत अनुदान
ऐलनाबाद ,सिरसा, 16 अप्रैल ( एम पी भार्गव ): जिला में बागवानी किसानों की आय में वृद्धि करने तथा बागवानी क्षेत्र का और अधिक विस्तार करने के लिए उद्यान विभाग द्वारा पुराने पौधों को हटाने तथा कीट प्रबंधन और सिंचाई व टूल किट आदि पर अनुदान उपलब्ध करवाया जा रहा है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को पुराने बागों में सुधार जैसे मृत या पुराने पौधों को हटाने पर 40 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है जिसकी इकाई लागत चार हजार रुपये प्रति एकड़ की लागत के आधार पर 1600 रुपये प्रति एकड़ एक मुश्त दिए जाते हैं। यह लाभ अधिकतम पांच एकड़ तक मिलेगा। इसी तरह जिन बागों में पौधों के बीच खाली स्थान है, वहां नए पौधे लगाने के लिए भी इसी दर से अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। 4,000 रुपये प्रति एकड़ की लागत पर 40 प्रतिशत सहायता के रूप में किसानों को 1600 रुपये प्रति एकड़ मिलते हैं, जिससे बागों का क्षेत्रफल बढ़ाकर उत्पादन को बेहतर बनाया जा सकता है।
फसलों की गुणवत्ता और उत्पादन बढ़ाने के लिए पोषक तत्व प्रबंधन, कीट नियंत्रण तथा सिंचाई पर होने वाले खर्च को भी योजना में शामिल किया गया है। इसमें 16,000 रुपये प्रति एकड़ की लागत पर 40 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है, जिसके तहत किसानों को प्रति एकड़ 6,400 रुपये की सहायता प्राप्त होती है। यह सुविधा भी अधिकतम 5 एकड़ तक लागू है, जिससे किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है।
उद्यान विभाग द्वारा किसानों को सौंठ मशीन खरीदने पर 20,000 रुपये की लागत के आधार पर 75 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है, जिसके तहत किसानों को 15,000 रुपये तक की सहायता मिलती है। वहीं टूल किट के लिए 5,000 रुपये की लागत पर 75 प्रतिशत अनुदान प्रदान किया जा रहा है, जिससे किसानों को 3,750 रुपये तक की सहायता मिलती है।

एडीसी अर्पित संगल ने प्रेसवार्ता में दी जानकारी, स्व-गणना के तहत आवेदन उपरांत मिलेगी यूनिक आईडी
– बोले, स्व-गणना सरल, सुरक्षित और डिजिटल सुविधा का बेहतरीन माध्यम
ऐलनाबाद ,सिरसा, 16 अप्रैल ( एम पी भार्गव ): अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने बताया कि आज 16 अप्रैल से जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिसमें नागरिक घर बैठे ही अपने मोबाइल या लैपटॉप के माध्यम से अपना विवरण दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना प्रक्रिया 30 अप्रैल तक चलेगी। पूर्ण विवरण भरने के बाद एक यूनिक आईडी जनरेट होगी, जब घर पर प्रगणक आए तब उन्हें यह आईडी बताने पर आपका डाटा स्वयं ही दिखाई देगा। स्व-गणना प्रक्रिया न केवल सरल माध्यम है बल्कि नागरिक द्वारा डाटा स्वयं भरे जाने पर पारदर्शिता के साथ-साथ नागरिक सटीक जानकारी उपलब्ध होगी। वीरवार को प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि नागरिक आधिकारिक पोर्टल एसइडोटसेन्ससडोटजीओवीडोटइन पर जाकर स्वयं और अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि इस डिजिटल प्लेटफॉर्म में कुल 34 प्रश्न पूछे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इसके बाद हाउस लिस्टिंग का कार्य एक मई से 30 मई तक चलेगा। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि जनगणना-2027 को लेकर जिला प्रशासन की पूरी तैयारी है। इस कार्य के लिए कुल 11 चार्ज अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जबकि जिले को 2121 गणना खंडों में विभाजित किया गया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगभग 2545 प्रगणक और 389 पर्यवेक्षक की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने जिला के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सक्रिय रूप से भाग लें और सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं ताकि देश के विकास की भविष्य की योजनाएं बेहतर तरीके से बनाई जा सकें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.