अमृतसर पुलिस को बड़ी कामयाबी, अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स और हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़
पुलिस कमिश्नर बोले—नशे के खिलाफ अभियान और गैंगस्टरों पर कार्रवाई से मिल रही बड़ी सफलता
अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स और हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5.557 किलोग्राम हेरोइन और दो अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद की हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरी खेप पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से भारतीय सीमा में भेजी गई थी।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब के “युद्ध नशों के विरुद्ध” अभियान और गैंगस्टरों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि दोनों अभियानों को एक साथ देखा जाए तो अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस को लगातार बड़ी सफलताएं मिल रही हैं। यह कार्रवाई भी उसी अभियान का हिस्सा है, जिसमें सीमा पार से संचालित तस्करी नेटवर्क को करारा झटका दिया गया है।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित कई संगीन मुकदमे दर्ज
कमिश्नर भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी पहले से आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं और इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बेहद पेशेवर तरीके से जांच को आगे बढ़ाया। शुरुआत में अकाल संधू से हेरोइन की एक खेप बरामद हुई। उसके बाद जेल में पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर दूसरी बार भी व्यावसायिक मात्रा में हेरोइन बरामद की गई। जांच आगे बढ़ने पर मुख्य आरोपी सुनील सरोज का नाम सामने आया, जिसके पाकिस्तान स्थित तस्करों से लंबे समय से संपर्क होने के सबूत मिले हैं।
सुनील सरोज वांछित था
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि फरवरी 2026 में थाना छेहरटा में दर्ज एक मामले में भी सुनील सरोज वांछित था। उस केस में भी व्यावसायिक मात्रा में हेरोइन और ड्रग मनी बरामद हुई थी। इस कार्रवाई के दौरान उसके गांव के एक टैक्सी चालक को भी गिरफ्तार किया गया है, जो इस नेटवर्क का सक्रिय सदस्य था। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से सीमा पार संचालित पूरे तस्करी नेटवर्क को बड़ा नुकसान पहुंचा है।
जांच का फोकस इस गिरोह के फाइनेंशियल नेटवर्क पर
उन्होंने कहा कि अब जांच का फोकस इस गिरोह के फाइनेंशियल नेटवर्क पर है। पुलिस मनी ट्रेल की जांच कर रही है और उम्मीद है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंच बनाई जाएगी। इस मामले में अमृतसर के इस्लामाबाद और छेहरटा थानों में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।
पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि पंजाब पुलिस नशा तस्करों, गैंगस्टरों और सीमा पार से संचालित अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि राज्य को नशामुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा तथा इस पूरे गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
