वैश्विक धरोहर सलखन फॉसिल्स पार्क पहुंचे नीति आयोग और जाइका के प्रतिनिधि, समझा भूवैज्ञानिक महत्व

मिर्जापुर- भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी जनपद एवं ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत नीति आयोग एवं जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जाइका) के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को जनपद सोनभद्र के विश्व प्रसिद्ध सलखन फॉसिल्स पार्क का विस्तृत भ्रमण किया।

इस दौरान अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने पार्क में मौजूद करोड़ों वर्ष पुराने अनमोल जीवाश्मों की अद्भुत संरचनाओं को देखा और इसकी ऐतिहासिकता की सराहना की। भ्रमण के दौरान इतिहासकार दीपक कुमार केसरवानी ने प्रतिनिधिमंडल को पार्क के ऐतिहासिक पहलुओं से अवगत कराया।

इतिहासकार दीपक कुमार केसरवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि 8 अगस्त 2002 को जनपद के तत्कालीन जिला अधिकारी  भगवान शंकर द्वारा पार्क एवं विंध्य संस्कृति शोध समिति उत्तर प्रदेश ट्रस्ट के माध्यम से प्रथम बार सोनभद्र जनपद की भूतात्विक, पुरातात्विक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक धरोहरों पर आधारित भव्य चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया था, जिसने इस अनूठी विरासत को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई थी।

फॉसिल्स पार्क के विकास और भविष्य की सरकारी योजनाओं को साझा करते हुए सहायक पर्यटन अधिकारी राजेश भारती ने पार्क के ऐतिहासिक एवं भूवैज्ञानिक महत्व की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन इस अनमोल जीवाश्म पार्क को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।

वर्तमान में पर्यटन विकास के सभी कार्यों को स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं ग्रामीणों की आजीविका से जोड़ने की दिशा में विशेष प्रयास किया जा रहा है, ताकि इस अंतरराष्ट्रीय स्थल का लाभ स्थानीय युवाओं को मिल सके और क्षेत्र का आर्थिक विकास हो।

इस महत्वपूर्ण भ्रमण के अवसर पर जाइका की ओर से सुश्री युमिको ओनिशी, सुश्री अयुमी मियागावा, सुश्री हितोमी हमदा, श्री बिनाय पटनायक एवं श्री मोहित सूद तथा नीति आयोग की ओर से श्री गौरव कुमार मिश्रा व समाजसेवी विवेक त्रिपाठी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल के आगमन पर गुप्तकाशी सेवा ट्रस्ट के संस्थापक रवि प्रकाश चौबे द्वारा सोनभद्र के धार्मिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक स्थलों की विशेषताओं पर आधारित एक विशेष प्रकाशित फोल्डर भी भ्रमणकारियों को उपहार स्वरूप प्रदान किया गया, ताकि जनपद की समृद्ध और गौरवशाली संस्कृति का संदेश वैश्विक स्तर तक पहुंच सके।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.