अमृतसर में पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 30 किलो हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार।
सीमा पार ड्रग तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़, विदेशी हैंडलर के इशारे पर करते थे काम।
-पंजाब के अलग-अलग स्थानों से हेरोइन की खेप उठाकर आगे सप्लाई करते थे आरोपी
-एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस।
- रिपोर्ट: ललित शर्मा
अमृतसर। पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग को अमृतसर में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सीमा पार संचालित एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 30 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है। पंजाब पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के निर्देश पर काम कर रहे थे, जिसका संबंध सीमा पार सक्रिय तस्करी नेटवर्क से है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पंजाब के विभिन्न स्थानों से हेरोइन की खेप इकट्ठा करते थे और उसे आगे अन्य तस्करों व सप्लायरों तक पहुंचाने का काम करते थे।
इस मामले में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है, ताकि पूरे तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके और इसमें शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा सके।
पंजाब पुलिस ने कहा है कि सीमा पार से संचालित ड्रग तस्करी नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि राज्य को नशा मुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए ऐसे नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
