- रिपोर्ट: प्राची सिंह
अहमदाबाद। गुजरात में 16 जुलाई को निकलने वाली भगवान जगन्नाथ रथयात्रा से पहले सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। इसी बीच गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने सिद्धपुर से पांच संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों के अनुसार, उनसे संभावित सुरक्षा खतरे और अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि, फिलहाल किसी आतंकी संगठन से उनके संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
राज्य में अहमदाबाद, भावनगर, वडोदरा, पाटन, राजकोट समेत कई शहरों में भव्य रथयात्रा निकाली जानी है। इसे देखते हुए पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
खुफिया इनपुट के बाद ATS की कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, खुफिया एजेंसियों को रथयात्रा के दौरान सुरक्षा संबंधी कुछ इनपुट मिले थे। इसके आधार पर गुजरात ATS ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर सिद्धपुर क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया, जहां से पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इनका संबंध किसी प्रतिबंधित आतंकी संगठन या स्लीपर सेल से है या नहीं।
इसके अलावा, बनासकांठा जिले से भी दो अन्य संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।
पूरे राज्य में हाई अलर्ट
रथयात्रा को लेकर गुजरात पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में भी सुरक्षा एजेंसियों ने कई संदिग्धों के खिलाफ कार्रवाई की थी। फिलहाल हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की जानकारी साझा की जाएगी।
