हापुड़ में लापरवाही का बड़ा मामला: पानी समझकर शिक्षिका ने पी लिया तेजाब, हालत गंभीर

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में एक चौंकाने वाली लापरवाही सामने आई है। दिल्ली रोड स्थित अर्जुन नगर में एक ज्वेलर्स की दुकान पर खरीदारी करने पहुंची एक शिक्षिका को पानी की बोतल की जगह गलती से तेजाब से भरी बोतल दे दी गई। बोतल से घूंट लेते ही उनकी तबीयत बिगड़ गई। गंभीर हालत में उन्हें मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली रोड निवासी एक युवती निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। शुक्रवार शाम वह मोहल्ले के एक सर्राफा व्यवसायी की दुकान पर खरीदारी करने गई थीं। प्यास लगने पर उन्होंने पानी मांगा, जिसके बाद ज्वेलर्स ने पास की एक कन्फेक्शनरी दुकान से पानी की बोतल मंगवाई।

आरोप है कि कन्फेक्शनरी संचालक ने गलती से एक नामी ब्रांड की पानी की बोतल, जिसमें तेजाब भरा हुआ था और जिसे फ्रिज में रखा गया था, पानी समझकर भेज दिया। शिक्षिका ने जैसे ही बोतल से पानी समझकर घूंट लिया, उनके गले में तेज जलन शुरू हो गई और वह दर्द से तड़पने लगीं।

शोर सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर मेरठ के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने उस कन्फेक्शनरी दुकान का निरीक्षण किया, जहां से बोतल मंगाई गई थी। टीम ने जांच के लिए नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.