Constitution Day: ऐलनाबाद के कन्या स्कूल में मनाया गया संविधान दिवस, छात्राओं को मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति किया जागरूक
Constitution Day In Ellenabad (एमपी भार्गव): संविधान दिवस के अवसर पर राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ऐलनाबाद में लीगल लिटरेसी सेल की ओर से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को भारतीय संविधान के ऐतिहासिक महत्व, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी देना रहा।
संविधान न्याय, स्वतंत्रता और समानता का आधार: सुरेश शर्मा
कार्यक्रम में विद्यालय के राजनीति विज्ञान प्रवक्ता एवं लीगल लिटरेसी सेल के नोडल अधिकारी सुरेश शर्मा ने छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूल्यों पर आधारित राष्ट्र की आधारशिला है।
उन्होंने बताया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मानपूर्वक जीवन जीने का आधार प्रदान करता है।
मौलिक कर्तव्यों के पालन का किया आह्वान
सुरेश शर्मा ने संविधान के अनुच्छेद 51(क) में वर्णित मौलिक कर्तव्यों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से उनका पालन करने की अपील की। उन्होंने कानून के प्रति सम्मान रखने और समाज में विधिक साक्षरता फैलाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

छात्राओं ने किया संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। उन्हें अनुशासित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करने और समाज में सकारात्मक योगदान देने का संकल्प लिया।
विद्यालय के शिक्षक और स्टाफ सदस्य रहे मौजूद
इस अवसर पर भूगोल प्रवक्ता राकेश ढुढारा, प्रवक्ता चरण सिंह, सुभाष सोलंकी, राधा कृष्ण पटीर, गोविंद, राय सिंह चोटिया, रमनीक, रायसाहब, रेखा मिश्रा, रणजीत कौर, मीनू सिहाग, शीतल, संतोष, ममता और आंचल सहित विद्यालय के सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
