मथुरा में बैंक गार्ड सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत, जांच में जुटी पुलिस

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान

उत्तर प्रदेश के मथुरा में थाना सदर बाजार क्षेत्र के सिविल लाइन इलाके में शनिवार देर रात एक सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना के समय सिपाही केनरा बैंक में गार्ड की ड्यूटी पर तैनात था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सिपाही को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान अजीत के रूप में हुई है, जो एटा जिले के थाना पिलुआ क्षेत्र के गांव गड़ुआ का निवासी था। वह सिविल लाइन स्थित केनरा बैंक में सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात था।

पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 9 बजे थाना सदर बाजार पुलिस को सूचना मिली कि बैंक परिसर में तैनात सिपाही अजीत को गोली लग गई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी त्रिपुरारी कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल सिपाही को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोली कैसे चली। पुलिस आसपास के साक्ष्य जुटाने और मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.