Guest House Case: कॉलेज जाने के लिए घर से निकली अरुणा का गेस्ट हाउस में मिला शव, आरोपी विपिन यादव की तलाश में जुटी पुलिस
Faridabad Aruna Guest House Case: हरियाणा के फरीदाबाद में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सेक्टर-37 के सराय ख्वाजा इलाके में मंगलवार दोपहर एक गेस्ट हाउस के कमरे से अरुणा का शव बरामद हुआ। वह सोमवार सुबह कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। मामले में धौज थाना पुलिस ने विपिन यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं।
कॉलेज जाने के लिए निकली थी अरुणा, घर नहीं लौटने पर दर्ज हुई शिकायत
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह अरुणा का भाई उसे कार से मेट्रो स्टेशन तक छोड़ने गया था। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, मेट्रो स्टेशन से अरुणा विपिन यादव के साथ मोटरसाइकिल पर सराय ख्वाजा स्थित एक गेस्ट हाउस पहुंची थी।
शाम तक अरुणा के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने धौज थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। मंगलवार दोपहर गेस्ट हाउस के एक कमरे में उसका शव मिला। बताया गया है कि कमरे की कुंडी बाहर से बंद थी।
कोरोना काल में परिवार ने विपिन को दिया था सहारा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2021 में कोरोना महामारी के दौरान विपिन यादव ने अपने माता-पिता को खो दिया था। उस समय उसकी उम्र करीब 17 वर्ष थी। बताया जाता है कि मुश्किल समय में पड़ोसी और अरुणा के पिता शंभू ने उसे सहारा दिया था। उन्होंने उसके रहने और खाने की व्यवस्था की थी। परिवार की ओर से उसे मोटरसाइकिल भी दिलाई गई थी।

कमरे से मिला कथित हस्ताक्षर वाला नोट, पुलिस कर रही जांच
पुलिस को गेस्ट हाउस के कमरे से एक नोट मिला है, जिस पर कथित तौर पर विपिन के हस्ताक्षर बताए जा रहे हैं। नोट में अरुणा और विपिन के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध होने का जिक्र होने की बात सामने आई है। पुलिस नोट पर किए गए हस्ताक्षरों और उसमें लिखी बातों की पुष्टि कर रही है।
आरोपी की तलाश में पुलिस की चार टीमें गठित
धौज थाना प्रभारी अनिल कुमार के अनुसार, गुमशुदगी के मामले में आवश्यक कानूनी धाराएं जोड़ी गई हैं। विपिन यादव की तलाश में पुलिस की चार टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस के मुताबिक, अरुणा की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
