आजमगढ़ में भूमाफिया केसी राय पर बड़ी कार्रवाई, 10 करोड़ की अवैध संपत्ति कुर्क

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान

आजमगढ़ में संगठित अपराध और भूमाफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी, गैंगस्टर और हिस्ट्रीशीटर कृष्णचन्द्र राय उर्फ केसी राय की करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्ति को न्यायालय के आदेश पर कुर्क कर प्रशासनिक कब्जे में ले लिया।

रविवार सुबह मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सत्यबीर सिंह के आदेश के अनुपालन में थाना कोतवाली पुलिस, राजस्व विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में डुगडुगी पिटवाकर कुर्की की कार्रवाई की गई। वर्तमान में केसी राय जेल में निरुद्ध है और प्रशासनिक आधार पर उसका स्थानांतरण अंबेडकरनगर जिला कारागार में किया जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, कृष्णचन्द्र राय उर्फ केसी राय मूल रूप से बरदह थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर फेटी गांव का निवासी है, जबकि उसका वर्तमान पता कोडर अजमतपुर, थाना कोतवाली बताया गया है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या, धोखाधड़ी, गैंगस्टर समेत गंभीर धाराओं में कुल 16 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह हिस्ट्रीशीटर भी है।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि केसी राय ने ठगी, कूटरचना, फर्जी खतौनी तैयार करने और गैंगस्टर गतिविधियों से अर्जित अवैध धन के माध्यम से वर्ष 2012 से ग्राम कोडर अजमतपुर में जमीन खरीदी और वहां करोड़ों रुपये की लागत से आलीशान भवन का निर्माण कराया।

पुलिस और प्रशासन का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए ऐसी कार्रवाइयों को लगातार अंजाम दिया जाएगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.