मुरादाबाद महानगर के युवा क्रिकेट खिलाड़ी शिवांग कुमार लगातार अपने शानदार प्रदर्शन से पहचान बना रहे हैं। आईपीएल 2026 में बेहतरीन गेंदबाजी के बाद अब शिवांग के लिए एक और बड़ी उपलब्धि सामने आई है। आगामी भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज में उनका नेट बॉलिंग के लिए चयन हुआ है। सीरीज के दौरान शिवांग टीम इंडिया और श्रीलंका के खिलाड़ियों के साथ नेट प्रैक्टिस में गेंदबाजी करते नजर आएंगे।
क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि इस अवसर से उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने और सीखने का बेहतरीन मौका मिलेगा। मुरादाबाद के खेल जगत के लिए यह गर्व की बात है कि शहर का एक युवा खिलाड़ी इस बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाएगा। शिवांग के पिता प्रवीण कुमार ने खुशी जताते हुए कहा, “हमारे शहर और परिवार के लिए यह बहुत गौरव की बात है। शिवांग को भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज की नेट प्रैक्टिस में गेंद डालने का मौका मिल रहा है।
वहां सभी बड़े खिलाड़ियों से मुलाकात होगी और उसके लिए नए रास्ते भी खुलेंगे। हमें पूरी उम्मीद है कि मेहनत से वह आगे चलकर टीम इंडिया में भी जगह बनाएगा।” शिवांग की इस सफलता में मॉडर्न पब्लिक स्कूल क्रिकेट अकादमी का बड़ा योगदान रहा है। अकादमी के संचालक मिर्जा दानिश आलम ने कहा, “शिवांग की शानदार प्रस्तुति लगातार देखी जा रही है।
आईपीएल के बाद अब नेट बॉलर के रूप में चयन उसके परिश्रम का नतीजा है। अकादमी की ओर से उसे हमेशा भरपूर सहयोग मिला है और आगे भी मिलता रहेगा। समाजसेवी प्रांशु जोशी ने कहा शिवांग जैसे खिलाड़ी मुरादाबाद के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा हैं।” खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने शिवांग को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वह इस मौके का पूरा फायदा उठाकर राष्ट्रीय टीम तक पहुंचेगा और मुरादाबाद का नाम रोशन करेगा।
