Lucknow Fire Accident: 15 मौतों से दहला उत्तर प्रदेश, पीएम मोदी ने की मुआवजे की घोषणा; घटनास्थल पहुंचे सीएम योगी

लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटनास्थल और केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। पीएम मोदी ने मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50 हजार रुपये की सहायता राशि की घोषणा की।

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित पुरनिया इलाके में सोमवार को एक निजी कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। इस दर्दनाक हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 15 हो गई, जबकि कई छात्र घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने अलीगढ़ के सभी कार्यक्रम रद्द कर लखनऊ पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।

घटनास्थल पर पहुंचे सीएम

मुख्यमंत्री ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है। साथ ही हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

14 बच्चों की मौत हुई

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि हादसे में 14 बच्चों की मौत हुई है और चार घायल छात्रों का इलाज केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

केजीएमयू की कुलपति प्रोफेसर सोनिया नित्यानंद ने बताया कि घायलों के उपचार के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार जुटी हुई है। वहीं, ट्रॉमा सेंटर के सीएमएस डॉ. प्रेम राज सिंह ने बताया कि कुल 21 लोगों को अस्पताल लाया गया, जिनमें छह की हालत स्थिर है जबकि बाकी लोगों को मृत अवस्था में लाया गया।

छात्रों ने जान बचाने के लिए ऊंचाई से लगाई छलांग 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर में इमारत से अचानक धुआं उठना शुरू हुआ और कुछ ही देर में आग ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं और अफरा-तफरी के बीच कई छात्रों ने जान बचाने के लिए ऊंचाई से छलांग लगा दी।

घटना के बाद दमकल, पुलिस और प्रशासन की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने भवन की पिछली दीवार तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान चलाया। डीजीपी राजीव कृष्ण, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद और अन्य वरिष्ठ अधिकारी लगातार राहत कार्यों की निगरानी करते रहे।

इन नेताओं ने व्यक्त किया शोक

इस दर्दनाक हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, मायावती, अखिलेश यादव समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.