लखीसराय के एसडीएम प्रभाकर कुमार ने की सदर प्रखंड के विकास कार्यों की समीक्षा, लंबित योजनाओं के त्वरित निष्पादन व जर्जर बिजली तार बदलने के निर्देश

लखीसराय(सरफराज आलम)अनुमंडल कार्यालय के सभाकक्ष में बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में लखीसराय सदर प्रखंड के विकास कार्यों की प्रगति एवं आम जनता से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान पीएचईडी, मनरेगा, शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की बारीकी से समीक्षा की गई। अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्रखंड एवं अंचल स्तर पर लंबित सभी योजनाओं और कार्यों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को समय पर लाभ मिल सके।

समीक्षा क्रम में गढ़ीविशनपुर एवं मोरमा पंचायत के मुखियाओं ने एनएच-80 के किनारे स्थित बिजली के पोलों पर लटके जर्जर तारों की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने इसे जनहित से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए तारों को अविलंब बदलने की मांग की। इस पर उपस्थित विद्युत विभाग के पदाधिकारी ने शीघ्र कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द जर्जर तार बदलने का आश्वासन दिया।

बैठक में प्रखंड प्रमुख, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी सहित अन्य विभागीय पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में जनप्रतिनिधियों द्वारा आम जनता से जुड़ी अन्य समस्याओं को भी रखा गया, जिस पर अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.